खमेनेई का अंत! इजरायल और अमेरिका के ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ से दहला तेहरान, ट्रंप बोले- ‘ऐतिहासिक पल’
पश्चिम एशिया से एक बड़ी खबर आ रही है, जिसने पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया है। शनिवार को इजरायल और अमेरिका के एक संयुक्त हवाई हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली खमेनेई की मौत हो गई है। रविवार सुबह तेहरान ने आधिकारिक तौर पर इस खबर की पुष्टि कर दी है। इस घटना के बाद पूरे ईरान में ४० दिनों के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की गई है।
इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सबसे पहले दावा किया कि इस हमले का मुख्य लक्ष्य खमेनेई और राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन थे। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस अभियान को सफल बताते हुए कहा कि १९८९ से ईरान पर शासन करने वाले नेता का अंत हो चुका है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, हमले के बाद खमेनेई का शव बरामद कर लिया गया है। ट्रंप ने इसे ईरानी जनता के लिए “आजादी का सुनहरा मौका” करार दिया है।
ट्रंप ने चेतावनी दी है कि जब तक मध्य पूर्व में पूरी तरह शांति नहीं हो जाती, तब तक सटीक और भारी बमबारी जारी रहेगी। इस हमले में ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कई वरिष्ठ कमांडर भी मारे गए हैं। खमेनेई की मौत के बाद ईरान के अस्तित्व पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं, वहीं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युद्ध का खतरा और बढ़ गया है।