बोलीविया में विमान हादसा: नोटों से भरा प्लेन सड़क पर गिरा, मची नोट लूटने की होड़, १५ की मौत
दक्षिण अमेरिकी देश बोलीविया के एल ऑल्टो शहर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा हुआ। वायुसेना का एक ‘हरक्यूलिस’ परिवहन विमान, जो नए छपे नोटों की भारी खेप लेकर जा रहा था, अनियंत्रित होकर एक व्यस्त सड़क पर गिर गया। इस दर्दनाक हादसे में १५ लोगों की जान चली गई है, जबकि ३० अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
विमान का मलबा सड़क पर चलते वाहनों पर जा गिरा, जिससे कई गाड़ियां चकनाचूर हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, हादसे के तुरंत बाद वहां एक अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। विमान में रखे लाखों नोट सड़कों पर बिखर गए, जिसे लूटने के लिए स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग मलबे के बीच से नोट चुनते नजर आए, जिससे राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आईं।
बोलीविया के रक्षा मंत्रालय ने पुष्टि की है कि विमान आधिकारिक मुद्रा की ढुलाई कर रहा था। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि हादसा खराब मौसम की वजह से हुआ या तकनीकी खराबी के कारण। सोशल मीडिया पर इस घटना के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें जलते हुए विमान के पास लोगों को नोट इकट्ठा करते देखा जा सकता है। प्रशासन ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और जांच शुरू कर दी है।