पीसीबी का ‘ऑपरेशन क्लीनअप’: शर्मनाक हार के बाद नकवी का कड़ा फैसला, सीनियर खिलाड़ियों पर गिरेगी गाज!
पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर वही पुरानी कहानी दोहराई जा रही है—हार का ठीकरा कप्तान और सीनियर खिलाड़ियों पर फोड़ना। टी२० वर्ल्ड कप में सुपर-८ के खराब प्रदर्शन के बाद पीसीबी (PCB) चेयरमैन मोहसिन नकवी ने टीम में बड़े बदलाव के संकेत दे दिए हैं। खबर है कि टूर्नामेंट खत्म होते ही कप्तान सलमान अली आगा और अनुभवी बल्लेबाज बाबर आजम को टी२० फॉर्मेट से बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है।
बाबर आजम पर गिरेगी गाज: पूरे वर्ल्ड कप में बाबर आजम का बल्ला खामोश रहा है। एक सीनियर खिलाड़ी के तौर पर वह टीम को संभालने में नाकाम रहे, जिससे चयनकर्ता और बोर्ड काफी नाराज हैं। पीटीआई के सूत्रों के मुताबिक, “नकवी ने कोच माइक हेसन और चयनकर्ताओं को पूरी आजादी दी थी, लेकिन नतीजे शून्य रहे। अब बोर्ड का मानना है कि बाबर और सलमान आगा जैसे खिलाड़ियों का टी२० अंतरराष्ट्रीय करियर खत्म करने का समय आ गया है।” उस्मान खान जैसे अन्य सीनियर भी बोर्ड के रडार पर हैं।
कौन होगा नया कप्तान? सलमान आगा की विफलता के बाद अब कप्तानी की रेस में दो पुराने नाम—शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी सबसे आगे चल रहे हैं। हालांकि पिछले १२ महीनों में ये दोनों ही खिलाड़ी खराब फॉर्म के कारण टीम से अंदर-बाहर होते रहे हैं, लेकिन बोर्ड को लगता है कि टीम को संभालने के लिए फिलहाल इनके पास ही अनुभव है। नकवी का मुख्य उद्देश्य टीम में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा मौका देना है।
नकवी की बैठक का इंतजार: टीम के स्वदेश लौटते ही चेयरमैन नकवी कोच माइक हेसन और चयनकर्ताओं के साथ एक बड़ी बैठक करेंगे। पाकिस्तान में यह परंपरा रही है कि किसी भी बड़े टूर्नामेंट में हार के बाद पूरे सिस्टम को बदल दिया जाता है। क्या बाबर आजम का टी२० सफर यहीं थम जाएगा? यह सवाल अब हर पाकिस्तानी फैन के जेहन में है।