‘एक भी वोटर बचा तो जीत मेरी ही होगी!’ भवानीपुर से ममता बनर्जी का बड़ा ऐलान, चुनाव आयोग को दी चुनौती

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को आगामी विधानसभा चुनाव २०२६ के लिए अपनी उम्मीदवारी और रणनीति दोनों साफ कर दी। कोलकाता के नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक कार्यक्रम के दौरान ममता ने स्पष्ट किया कि वह अपनी पारंपरिक सीट भवानीपुर से ही चुनाव लड़ेंगी। वोटर लिस्ट (SIR) में गड़बड़ी और भारी संख्या में नाम काटे जाने पर गुस्सा जाहिर करते हुए ममता ने कहा, “भवानीपुर में अगर सिर्फ एक भी असली वोटर बचा, तो भी जीत मेरी ही होगी। ये लोग लोकतंत्र को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन बंगाल की जनता उन्हें करारा जवाब देगी।”
ममता बनर्जी ने चुनाव आयोग के अधिकारियों पर निशाना साधते हुए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को ‘वैनिश कुमार’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब १ करोड़ २० लाख लोगों को जानबूझकर मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। ममता ने कहा, “भवानीपुर जैसे छोटे निर्वाचन क्षेत्र में भी हजारों नाम काट दिए गए हैं। यह पूरी तरह से प्रतिशोध की राजनीति है। बीजेपी लोकतांत्रिक तरीके से नहीं लड़ सकती, इसलिए वे माइक्रो ऑब्जर्वर के जरिए नाम कटवा रहे हैं।” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इस लिस्ट के कारण लोग डरे हुए हैं और कई लोगों की मौत तक हो चुकी है।
बीजेपी की ‘परिवर्तन रथ यात्रा’ पर पलटवार करते हुए ममता ने कहा कि फाइव स्टार होटलों में रहने वाले लोग रथ यात्रा निकाल रहे हैं, लेकिन यह उनकी ‘अंतिम यात्रा’ साबित होगी। इस दौरान उन्होंने राज्य के लिए ३,५०० करोड़ रुपये की लागत वाले कल्याणी एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया और स्वास्थ्य साथी योजना के तहत कैशलेस इलाज की सीमा २ लाख रुपये बढ़ाने का भी ऐलान किया। होली और डोल जात्रा के अवसर पर उन्होंने सभी समुदायों को बधाई दी और शांति व सद्भाव बनाए रखने की अपील की।