सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, निफ्टी में भी भारी गिरावट— मिडिल ईस्ट संकट ने बिगाड़ा दलाल स्ट्रीट का खेल
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और इजरायल-ईरान युद्ध की आहट ने भारतीय शेयर बाजार की कमर तोड़ दी है। सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में सुनामी जैसा नजारा देखने को मिला, जहां निवेशकों के करीब 7 लाख करोड़ रुपये देखते ही देखते स्वाहा हो गए। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का मार्केट कैपिटलाइजेशन शुक्रवार के 463 लाख करोड़ रुपये से घटकर 456 लाख करोड़ रुपये पर आ गया है।
सेंसेक्स सोमवार को 1,048.34 अंक यानी 1.29 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 80,238.85 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी भी 312.95 अंक लुढ़ककर 24,865.70 के स्तर पर आ गया। बाजार के जानकारों का कहना है कि युद्ध की अनिश्चितता के कारण निवेशकों ने सुरक्षित ठिकानों की तलाश में जमकर बिकवाली की, जिसका असर इंडेक्स पर साफ दिखा।
सबसे ज्यादा मार ऑटो, इंफ्रा और बैंकिंग सेक्टर पर पड़ी है। मारुति सुजुकी, एसबीआई, एलएंडटी और एक्सिस बैंक के शेयरों में तेज गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, इस मंदी के माहौल में डिफेंस और फार्मा सेक्टर के चुनिंदा शेयरों ने मजबूती दिखाई। एक्सपर्ट्स का मानना है कि निफ्टी का ‘रिलेटिव स्ट्रेंथ इंडेक्स’ (RSI) वर्तमान में बाजार की कमजोरी की पुष्टि कर रहा है, जिससे संकेत मिलते हैं कि आने वाले दिनों में सतर्क रहने की जरूरत है।