न्यूटाउन में बनेगा भव्य जैन मंदिर! CM ममता बनर्जी ने 5 एकड़ जमीन का किया बड़ा ऐलान

होली और डोल उत्सव के शुभ अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य के जैन समुदाय को एक बड़ा तोहफा दिया है। सोमवार को नेताजी इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने न्यूटाउन में जैन मंदिर के निर्माण के लिए 5 एकड़ जमीन देने की घोषणा की। हालांकि, इस उत्सव के माहौल में भी उन्होंने मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को कड़े शब्दों में आड़े हाथ लिया।

जैन समुदाय के लिए सौगात मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि न्यूटाउन के विश्व बांग्ला गेट के पास, मात्र 600 मीटर की दूरी पर 5 एकड़ जमीन रियायती दरों पर जैन मंदिर के लिए आवंटित की जाएगी। उन्होंने कहा, “जैन समुदाय ने मुझसे मंदिर के लिए जगह मांगी थी। मैंने जमीन ढूंढ ली है, अब आप अपने ट्रस्ट के माध्यम से वहां भव्य मंदिर बनाएं।” उन्होंने रेखांकित किया कि उनकी सरकार जगन्नाथ धाम, दक्षिणेश्वर और तारापीठ जैसे सभी धर्मों के स्थलों का विकास कर रही है।

चुनाव आयोग और केंद्र पर तीखा प्रहार ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के करीब 1 करोड़ 20 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से जानबूझकर हटाए जा रहे हैं। चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का नाम लेते हुए उन्होंने कहा, “यह भारत सरकार और चुनाव आयोग पूरी तरह से पक्षपाती हैं। वे लोगों के लोकतांत्रिक अधिकारों को ‘वैनिश’ (गायब) करना चाहते हैं।”

गंभीर आरोप और चेतावनी मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वैध पहचान पत्र होने के बावजूद लोगों को ‘संदेहास्पद’ श्रेणी में डाला जा रहा है, जिससे लोग सदमे में हैं। उन्होंने एक व्यक्ति की मृत्यु और एक महिला को ब्रेन स्ट्रोक होने का भी जिक्र किया। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “आपकी यह रथयात्रा आपकी ‘विदाई यात्रा’ साबित होगी।” उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के इशारे पर होटलों में बैठकर वोट काटे जा रहे हैं, जिसे बंगाल की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *