“मीडिया ने मेरी महानता स्वीकार की”, ट्रंप का बड़ा दावा! ओबामा-बाइडेन पर साधा तीखा निशाना
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपने अंदाज से पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। सालों तक व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन (WHCA) के डिनर का बहिष्कार करने के बाद, ट्रंप ने इस साल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का फैसला किया है। ट्रंप का दावा है कि अब पत्रकारों ने उन्हें “इतिहास का सबसे महान राष्ट्रपति” यानी ‘G.O.A.T’ मान लिया है, इसलिए उन्होंने यह न्योता स्वीकार किया है।
अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि एसोसिएशन ने उन्हें बहुत सम्मान के साथ आमंत्रित किया है। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे अपने पहले कार्यकाल में उन्होंने मीडिया के ‘फेक न्यूज’ के विरोध में इस आयोजन से दूरी बना ली थी। लेकिन इस बार, अमेरिका के 250वें जन्मदिन के अवसर पर, वह इस डिनर को “अब तक का सबसे आकर्षक और शानदार” आयोजन बनाने का संकल्प ले चुके हैं।
इस घोषणा के साथ ही ट्रंप ने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा और जो बाइडेन पर हमला करने का मौका नहीं गंवाया। उन्होंने ओबामा के दौर के ईरान परमाणु समझौते को “भयानक और खतरनाक” करार देते हुए कहा कि अगर उन्होंने इसे रद्द नहीं किया होता, तो ईरान के पास बहुत पहले परमाणु हथियार होते। ट्रंप ने सीधे तौर पर ओबामा और बाइडेन को इस वैश्विक खतरे के लिए जिम्मेदार ठहराया। पत्रकारों और मशहूर हस्तियों के इस महाकुंभ में ट्रंप की मौजूदगी इस साल की सबसे बड़ी राजनीतिक घटना मानी जा रही है।