राज्यसभा उम्मीदवारों का ऐलान: बंगाल से राहुल सिन्हा और बिहार से नितिन नवीन पर बीजेपी का दांव
राज्यसभा के आगामी चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पश्चिम बंगाल से बीजेपी ने अपने सबसे अनुभवी चेहरों में से एक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा को संसद के उच्च सदन भेजने का फैसला किया है। लंबे समय से चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए पार्टी ने संगठन के प्रति राहुल सिन्हा की निष्ठा और उनके संघर्ष को पुरस्कृत किया है।
शमीक भट्टाचार्य के बाद राहुल सिन्हा का नामांकन यह दर्शाता है कि बीजेपी आलाकमान बंगाल में अपने पुराने और समर्पित नेताओं को सम्मान दे रहा है। राहुल सिन्हा उस समय बंगाल बीजेपी के अध्यक्ष थे जब 2014 में नरेंद्र मोदी पहली बार प्रधानमंत्री बने थे। हालांकि वे पिछला विधानसभा चुनाव हार गए थे, लेकिन उनके संगठनात्मक कौशल को देखते हुए पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है।
किस राज्य से कौन उम्मीदवार? बीजेपी ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार को मैदान में उतारा है। असम से मंत्री जोगेन मोहन और विधायक तेराश गोआला, हरियाणा से संजय भाटिया, ओडिशा से मनमोहन सामल और सुजीत कुमार, और छत्तीसगढ़ से लक्ष्मी वर्मा के नामों पर मुहर लगी है। पश्चिम बंगाल में बीजेपी के राहुल सिन्हा का मुकाबला तृणमूल के राजीव कुमार, बाबुल सुप्रियो और कोयल मल्लिक जैसे बड़े नामों से होगा। मतदान 16 मार्च को होगा।