उनाइज की मौत से आक्रोश! जन्मदिन की पार्टी में किसने चलाई गोली? साजिश की बू आने से मचा हंगामा

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में एक जन्मदिन की पार्टी मातम में बदल गई। पूर्व विधान परिषद सदस्य (MLC) गुड्डू त्रिपाठी के भांजे की बर्थडे पार्टी में 12 साल के छात्र उनाइज की गोली मारकर हत्या कर दी गई। छात्र के माथे के बीचों-बीच गोली लगी थी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस मामले में मृतक के पिता ने संजीव त्रिपाठी, उनकी पत्नी, ड्राइवर और तीन नाबालिगों समेत कुल 6 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई है।
मृतक के पिता जमीर खान के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 3:30 बजे उनाइज को उसके तीन दोस्त और एक ड्राइवर गाड़ी में लेकर गए थे। शाम 7:21 बजे आरोपी संजीव त्रिपाठी ने उनाइज की मां के फोन पर कॉल किया और धमकी भरे लहजे में बताया कि उनाइज लोकबंधु अस्पताल में भर्ती है। जब परिवार अस्पताल पहुंचा, तो उन्हें काफी देर तक बच्चे को देखने नहीं दिया गया। बाद में पुलिस ने शव दिखाया, जिसे देख परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई। जमीर खान का आरोप है कि उनके बेटे की सोची-समझी साजिश के तहत हत्या की गई है।
पोस्टमार्टम के बाद जब उनाइज का शव घर पहुंचा, तो स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी हुई और तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। समाजवादी पार्टी के सांसद आरके चौधरी ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीन नाबालिगों को हिरासत में लिया है और संजीव त्रिपाठी व अन्य की तलाश जारी है।