थिएटर और सिनेमा का एक चमकता सितारा बुझा! दिग्गज अभिनेता विजय कृष्णा के निधन से बॉलीवुड में शोक की लहर

भारतीय रंगमंच और सिनेमा जगत के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। संजय लीला भंसाली की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘देवदास’ में शाहरुख खान के सख्त पिता ‘नारायण मुखर्जी’ की भूमिका निभाने वाले दिग्गज अभिनेता विजय कृष्णा का 81 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। उन्होंने मंगलवार को अंतिम सांस ली, लेकिन उनके निधन की खबर बुधवार को अभिनेत्री लिलिट दुबे के सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सामने आई।

लिलिट दुबे ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश लिखते हुए कहा, “मेरा दिल टूट गया है। हमारे प्यारे विजय, जो 25 वर्षों से हमारे थिएटर जगत का हिस्सा थे, अब नहीं रहे। वह एक शानदार अभिनेता और बेहद आकर्षक व्यक्तित्व के धनी थे। अब आप स्वर्ग में परियों का मनोरंजन करेंगे।”

विजय कृष्णा के निधन पर सोनी राजदान, अनुपम खेर और सैफ अली खान की बहन सबा पटौदी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सोनी राजदान ने लिखा कि वह उन्हें 15 साल की उम्र से जानती थीं और यह खबर बेहद दुखद है।

विजय कृष्णा केवल एक अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि कॉर्पोरेट जगत का भी एक बड़ा नाम थे। वह गोदरेज समूह के व्यवसायों में एक कार्यकारी निदेशक की भूमिका निभा चुके थे और 2021 में गोदरेज इंडस्ट्रीज के बोर्ड से सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी पत्नी स्मिता कृष्णा भारत की सबसे अमीर महिलाओं में शुमार हैं। अभिनय की बात करें तो, 2004 की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अंग्रेजी फिल्म ‘डांस लाइक ए मैन’ में उनके प्रदर्शन को आज भी याद किया जाता है। उनके निधन से कला जगत को अपूरणीय क्षति हुई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *