युवा साथी योजना: 84 लाख युवाओं के लिए बड़ी खबर! ममता सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
पश्चिम बंगाल की ममता सरकार द्वारा घोषित ‘युवा साथी’ योजना को लेकर राज्य के युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। रोजगार और स्वरोजगार की दिशा में यह कदम अब अपने निर्णायक मोड़ पर है। प्रशासन के मुताबिक, इस योजना के लिए अब तक लगभग 84 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 65 लाख आवेदन ब्लॉक स्तर के ऑफलाइन कैंपों से आए हैं, जबकि 19 लाख युवाओं ने ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन किया है।
सरकार ने जारी किया हेल्पलाइन: इतनी बड़ी संख्या में आवेदकों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब देने के लिए सरकार ने एक समर्पित हेल्पडेस्क नंबर 6292248888 जारी किया है। यदि आपके मन में योजना के लाभ या आवेदन की स्थिति को लेकर कोई भी शंका है, तो आप इस नंबर पर कॉल कर सकते हैं।
सेवा का समय और संपर्क: यह हेल्पलाइन सेवा कार्यदिवसों पर सुबह 10:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी। शनिवार, रविवार और सार्वजनिक अवकाश के दिन यह सेवा बंद रहेगी। इसके अलावा, औपचारिक संचार के लिए एक विशेष ईमेल आईडी भी आवंटित की गई है। नबन्ना (राज्य सचिवालय) ने आदिवासी विकास विभाग, जीटीए, सभी जिलाधिकारियों और कोलकाता नगर निगम को इस संबंध में सख्त निर्देश भेजे हैं ताकि प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बनी रहे।