बंगाल में मचेगा बवाल? सोमवार को आएगी सप्लीमेंट्री लिस्ट, हिंसा की आशंका में नबन्ना ने सभी DM को भेजी चिट्ठी!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। आगामी सोमवार को वोटर लिस्ट की सप्लीमेंट्री सूची जारी होने की संभावना है। राज्य सरकार के मुख्यालय ‘नबन्ना’ को आशंका है कि इस सूची के आने के बाद राज्य के विभिन्न हिस्सों में कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है। इसी के मद्देनजर गृह विभाग ने सभी जिलाधिकारियों (DM) और पुलिस आयुक्तों को सतर्क रहने के लिए पत्र भेजा है।

नबन्ना की चेतावनी और सुरक्षा के इंतजाम रिपोर्ट के मुताबिक, लगभग 27 से 28 लाख लोगों के नाम फिलहाल वोटर लिस्ट से बाहर हैं। सोमवार शाम को जब सप्लीमेंट्री लिस्ट निकलेगी और उसमें जिनका नाम नहीं होगा, उनके बीच भारी असंतोष और विरोध प्रदर्शन हो सकता है। नबन्ना ने प्रशासन को निर्देश दिया है कि संवेदनशील इलाकों और भीड़-भाड़ वाली जगहों पर विशेष नजर रखी जाए। राज्य पुलिस के साथ-साथ कोलकाता पुलिस को भी किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

ढाई लाख जवानों के पहरे में होगा चुनाव चुनाव आयोग ने इस बार बंगाल को सुरक्षा के अभेद्य किले में बदलने की तैयारी कर ली है। वर्तमान में राज्य में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की 480 कंपनियां मौजूद हैं। सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में 2,000 और कंपनियां भेजी जाएंगी, जिससे कुल जवानों की संख्या ढाई लाख तक पहुँच सकती है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय में सुरक्षा बलों की तैनाती को लेकर आज एक महत्वपूर्ण बैठक भी बुलाई गई है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि चुनाव में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *