1 अप्रैल से महंगी होंगी टाटा की गाड़ियां! हैरियर, नेक्सन और पंच के बढ़ेंगे दाम, इलेक्ट्रिक कारों पर राहत

टाटा मोटर्स (Tata Motors) ने घोषणा की है कि 1 अप्रैल 2026 से उनकी पैसेंजर गाड़ियों की कीमतों में बढ़ोतरी होने जा रही है। कंपनी के अनुसार, इंटरनल कम्बशन इंजन (ICE) यानी पेट्रोल और डीजल से चलने वाले मॉडल्स की कीमतों में औसतन 0.5% की वृद्धि की जाएगी। कच्चे माल जैसे स्टील, एल्युमीनियम और लॉजिस्टिक्स खर्च बढ़ने के कारण कंपनी ने यह कदम उठाया है।
किन मॉडल्स पर होगा असर? कीमतों में यह बढ़ोतरी टाटा की मशहूर गाड़ियों जैसे हैरियर, नेक्सन, सफारी, पंच और टियागो पर लागू होगी। अनुमान के मुताबिक, हैरियर की कीमत 8,000 से 12,000 रुपये तक बढ़ सकती है, जबकि नेक्सन पर 4,000 से 7,000 रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। हालांकि, अंतिम कीमतें राज्यों के टैक्स और वेरिएंट के आधार पर अलग-अलग हो सकती हैं।
EV ग्राहकों के लिए अच्छी खबर टाटा मोटर्स ने अपने इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेगमेंट को इस बढ़ोत्तरी से बाहर रखा है। नेक्सन EV, पंच EV, टियागो EV और कर्व EV की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा। कंपनी का उद्देश्य भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों के बाजार को और मजबूती देना है। यदि आप पेट्रोल या डीजल मॉडल खरीदने का मन बना रहे हैं, तो 31 मार्च तक बुकिंग करना आपके लिए फायदेमंद साबित होगा।