अभिषेक के आने से पहले नौदा में भारी बवाल! टीएमसी की सभा में चले लात-घूंसे और कुर्सियां

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद स्थित नौदा विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस की अंतर्कलह रविवार को खुलेआम सड़क पर आ गई। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के सभा स्थल पर पहुंचने से ठीक पहले कार्यकर्ताओं के दो गुट आपस में भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई और देखते ही देखते कुर्सियां हवा में तैरने लगीं। यह हंगामा निवर्तमान विधायक और वर्तमान प्रत्याशी साहिना मुमताज तथा सांसद अबू ताहिर खान के भांजे सफीउज्जमां हबीब के समर्थकों के बीच हुआ।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर को जब अभिषेक बनर्जी का इंतजार हो रहा था, तभी बैठने की जगह को लेकर दोनों गुटों में कहासुनी शुरू हुई। साहिना गुट के एक समर्थक ने आरोप लगाया कि उन्हें जबरन सीट से उठाकर पीटा गया। देखते ही देखते सभा स्थल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया और कुर्सियां तोड़ी जाने लगीं। पुलिस को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

मंच पर पहुंचते ही अभिषेक बनर्जी का पारा चढ़ गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को कड़ा संदेश देते हुए कहा, “जो लोग टीएमसी की जर्सी पहनकर दूसरे दलों के लिए खेल रहे हैं, उन्हें एक महीने के भीतर रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर कर दिया जाएगा। एक बार बाहर गए तो पूरी जिंदगी वापसी नहीं कर पाएंगे।”

बता दें कि नौदा में टिकट बंटवारे को लेकर पहले से ही असंतोष था। सफीउज्जमां के समर्थकों ने पहले ही उनके नाम की दीवारें रंग दी थीं, लेकिन पार्टी ने साहिना मुमताज पर भरोसा जताया। इसी नाराजगी ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। हालांकि, सफीउज्जमां ने बाद में सफाई देते हुए कहा कि कुछ लोग भावनाओं में बह गए थे, जबकि साहिना ने इसे एक सोची-समझी साजिश करार दिया और अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *