शूटिंग से घर नहीं लौटे राहुल अरुणोदय, विजयगढ़ में उमड़ा फैंस का हुजूम; शाश्वत और देव ने दी भावभीनी विदाई

बंगाल फिल्म इंडस्ट्री यानी टॉलीवुड के लिए सोमवार का दिन किसी काले साये से कम नहीं रहा। मशहूर अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी, जो पिछले कुछ दिनों से अपनी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त थे, अब हमारे बीच नहीं रहे। 27 मार्च को शुरू हुई शूटिंग का सफर 30 मार्च को खत्म होना था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। सोमवार दोपहर पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद जब राहुल का पार्थिव शरीर उनके विजयगढ़ स्थित आवास पर लाया गया, तो वहां अपने चहेते कलाकार की अंतिम झलक पाने के लिए हजारों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
राहुल के आकस्मिक निधन ने पूरी इंडस्ट्री को झकझोर कर रख दिया है। दिग्गज अभिनेता शाश्वत चटर्जी ने दुख व्यक्त करते हुए कहा, “यह उन सभी के लिए एक व्यक्तिगत क्षति है जो उन्हें जानते थे। फिल्म इंडस्ट्री में इतने अच्छे स्वभाव वाले और इतने शिक्षित व्यक्ति का होना बहुत दुर्लभ है। उनके व्यक्तित्व को हमेशा याद रखा जाएगा।” अभिनेत्री उषासी चक्रवर्ती, जो राहुल के साथ कई सामाजिक मुद्दों पर खड़ी रही हैं, काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा, “राहुल केवल एक अभिनेता नहीं, बल्कि मेरे ‘सह-योद्धा’ थे। आज के दौर में जहां लोग अपने स्वार्थ के लिए चुप रहते हैं, राहुल अपनी रीढ़ की हड्डी सीधी रखकर सच बोलना जानते थे। उनकी निडरता मुझे प्रेरित करती थी, अब वह प्रेरणा कहां से मिलेगी?”
फिल्म निर्माता और विधायक राज चक्रवर्ती ने राहुल की प्रतिभा को याद करते हुए कहा कि वह न केवल एक बेहतरीन अभिनेता थे, बल्कि एक शानदार लेखक और थिएटर आर्टिस्ट भी थे। उन्होंने राहुल के छोटे बेटे और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। वहीं, सुपरस्टार देव ने कहा, “हमारी बहुत गहरी दोस्ती तो नहीं थी, लेकिन एक अभिनेता के तौर पर मैं उनका बहुत सम्मान करता था। वह टॉलीवुड के बेहतरीन अभिनेताओं में से एक थे। बांग्ला सिनेमा और दर्शकों के लिए यह बहुत बड़ी क्षति है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।” राहुल का इस तरह अचानक चले जाना टॉलीवुड में एक ऐसा शून्य छोड़ गया है, जिसे भरना नामुमकिन है।