“हमेशा टिकट मिलेगा, यह सोचना गलत!” ममता बनर्जी ने पार्टी के बागियों को दी सीधी चेतावनी

2026 के विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर मचे घमासान पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सोमवार को पश्चिम मेदिनीपुर के नारायणगढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने उन नेताओं को सख्त संदेश दिया जो टिकट न मिलने के कारण नाराज चल रहे हैं या पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि टिकट न मिलने पर पार्टी के खिलाफ काम करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ममता बनर्जी ने कहा, “सबको टिकट देना संभव नहीं है। हमें नए लोगों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों और पिछड़ों को मौका देना होता है। अगर कोई यह सोचता है कि वह जीवन भर उम्मीदवार बना रहेगा, तो यह उसकी गलतफहमी है।” गौरतलब है कि नारायणगढ़ सीट से निवर्तमान विधायक सूर्य अट्ट की जगह प्रतिभा रानी मैती को उम्मीदवार बनाए जाने से स्थानीय स्तर पर असंतोष देखा जा रहा था। इसी को भांपते हुए ममता ने मंच से सीधे तौर पर गुटबाजी को खत्म करने की कोशिश की और कहा, “प्रतिभा मैती को वोट देने का मतलब तृणमूल कांग्रेस को वोट देना है।”

मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि पार्टी नेतृत्व की नजर हर एक कार्यकर्ता और नेता पर है। उन्होंने कहा कि जो लोग अच्छा काम करेंगे उन्हें भविष्य में मौका मिलेगा, लेकिन जो लोग पार्टी को नुकसान पहुंचाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। इस दौरान उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर भी निशाना साधा। दो दिवसीय मेदिनीपुर दौरे पर रहीं ममता बनर्जी ने नारायणगढ़ के बाद पांशकुड़ा और डेबरा में भी जनसभाएं कीं। मंगलवार को वह चंद्रकोना और गढ़बेटा में रैलियां करेंगी, जहां उनका मुख्य फोकस संगठन को एकजुट रखने पर होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *