यूपी की उड़ान: 9 साल में 9 लाख सरकारी नौकरियां, ‘बीमारू’ से ‘ग्रोथ इंजन’ बना उत्तर प्रदेश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के विकास का एक नया रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए गर्व से घोषणा की है कि पिछले 9 वर्षों में राज्य के 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरियों से जोड़ा गया है। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में 665 नर्सिंग अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरण के दौरान सीएम ने कहा कि यूपी अब ‘बीमारू’ राज्य की श्रेणी से बाहर निकलकर देश की अर्थव्यवस्था का ‘ग्रोथ इंजन’ बन चुका है।
योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि 2016 से पहले राज्य की स्थिति ऐसी थी कि कर्मचारियों को वेतन देने तक के लाले पड़ते थे, लेकिन आज यूपी ‘रेवेन्यू सरप्लस’ वाला राज्य है और देश की टॉप 3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय में तीन गुना की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। नियुक्ति प्रक्रिया पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अब चयन पूरी तरह पारदर्शी है। भ्रष्टाचार करने वालों पर “तीसरी आंख” की पैनी नजर है और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
अपराध की राजधानी से निवेश का हब बना नोएडा सीएम ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि जिस इलाके को कभी ‘क्राइम कैपिटल’ के रूप में जाना जाता था, आज वह दुनिया भर के निवेशकों की पहली पसंद है। जेवर में बन रहा एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, मेडिकल डिवाइस पार्क, फिल्म सिटी और टॉय पार्क जैसे प्रोजेक्ट्स से 1 लाख से अधिक युवाओं को रोजगार मिलेगा।
सुरक्षा और स्वास्थ्य में बड़े बदलाव साइबर सुरक्षा को मजबूत करते हुए अब यूपी के सभी 75 जिलों में साइबर थाने क्रियाशील हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि अब राज्य में 31 नए नर्सिंग कॉलेज खुल रहे हैं और लोहिया संस्थान जैसे केंद्रों में रोबोटिक सर्जरी जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि वे पेट्रोल-डीजल की कमी जैसी किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और विकास की इस प्रक्रिया में अपना सहयोग दें।