‘बीजेपी को रोकने गया था, पर अब टीएमसी और बीजेपी में फर्क नहीं’

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले दल-बदल की राजनीति तेज हो गई है। उत्तर 24 परगना के बादुरिया से तृणमूल कांग्रेस (TMC) के विधायक काजी अब्दुल रहीम उर्फ दिल्लू ने सोमवार को टीएमसी का साथ छोड़कर कांग्रेस में वापसी कर ली है। दिल्ली में एआईसीसी मुख्यालय में उन्होंने फिर से कांग्रेस का दामन थाम लिया।
दिलचस्प बात यह है कि टीएमसी ने इस बार उन्हें टिकट नहीं दिया था, जिसके बाद से ही उनके बागी तेवर दिखने लगे थे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद दिल्लू ने तीखा हमला बोलते हुए कहा, “मैं 2021 में सिर्फ बीजेपी को रोकने के लिए टीएमसी में गया था। लेकिन आज मुझे टीएमसी और बीजेपी की कार्यशैली में कोई अंतर नजर नहीं आता।” उन्होंने आगे कहा कि वह खुद को टीएमसी के लिए ‘अयोग्य’ मानते थे और हमेशा से घर वापसी के लिए तैयार थे। उन्होंने पार्टी के भीतर अन्याय और पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का भी आरोप लगाया। उनके इस कदम से सीमावर्ती इलाकों में कांग्रेस को मजबूती मिलने की उम्मीद है।