बंगाल चुनाव का असर: मोहन बागान के मैच शेड्यूल में बदलाव, जानें अब कब होगा इंटर काशी से मुकाबला?

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनावों के चलते मोहन बागान सुपर जायंट के फुटबॉल मैचों के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। 26 अप्रैल को पूर्व कोच एंटोनियो हबास की टीम इंटर काशी के खिलाफ होने वाला मुकाबला अब 12 मई को खेला जाएगा। चुनाव आयोग और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
हालांकि, मैच का समय और स्थान वही रहेगा—12 मई शाम 7:30 बजे साल्ट लेक स्टेडियम (युवा भारती) में किक-ऑफ होगा। इसके अलावा, 12 अप्रैल को पंजाब एफसी के खिलाफ होने वाले मैच में भी सुरक्षा कारणों से दर्शकों की संख्या सीमित रखी जाएगी। फुटबॉल प्रेमियों की नजरें अब 3 मई को होने वाले डर्बी (ईस्ट बंगाल बनाम मोहन बागान) पर हैं, क्योंकि 4 मई को चुनाव परिणाम आने हैं, जिससे डर्बी की तारीख भी बदलने के आसार हैं। वर्तमान में मोहन बागान 6 मैचों में 13 अंकों के साथ आईएसएल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है।