रसातल में रुपया! पहली बार 95 के पार पहुंचा डॉलर, भारतीय मुद्रा की ऐतिहासिक गिरावट

भारतीय मुद्रा बाजार के लिए सोमवार का दिन बेहद झटके भरा रहा। इतिहास में पहली बार अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 95 के स्तर को पार कर 95.58 के सर्वकालिक निचले स्तर (All-time Low) पर जा गिरा है। शुरुआती कारोबार में बढ़त दिखाने के बाद जिस तरह से रुपये में गिरावट आई, उसने बाजार विशेषज्ञों को भी हैरान कर दिया है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रुपये की कीमत में और भी बड़ी गिरावट देखी जा सकती है।

मुंबई स्थित विदेशी मुद्रा बाजार में सोमवार को भारी उतार-चढ़ाव देखा गया। दिन की शुरुआत में रुपया 128 पैसे की मजबूती के साथ 93.57 के स्तर पर पहुंचा था, लेकिन दोपहर बाद बिकवाली के दबाव में यह रिकॉर्ड निचले स्तर पर फिसल गया। दिन के उच्चतम स्तर से रुपये में 2.33 रुपये की भारी गिरावट दर्ज की गई। गौरतलब है कि पिछले एक साल के भीतर डॉलर के मुकाबले रुपया लगभग 12 रुपये तक कमजोर हो चुका है। शुक्रवार को यह 94.85 के स्तर पर बंद हुआ था, जो उस समय का रिकॉर्ड निचला स्तर था।

रुपये की इस दुर्गति के पीछे वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें और भू-राजनीतिक तनाव मुख्य कारण हैं। ब्रेंट क्रूड ऑयल 2.60 प्रतिशत की छलांग लगाकर 115.50 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है। रुपये की कमजोरी का सीधा असर घरेलू शेयर बाजार पर भी पड़ा, जहां सेंसेक्स 1,733.78 अंक टूटकर 71,849.44 पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी में भी 528 अंकों की बड़ी गिरावट रही। विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों द्वारा लगातार की जा रही बिकवाली ने भारतीय अर्थव्यवस्था की चिंताएं बढ़ा दी हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *