ऐतिहासिक गिरावट: डॉलर के मुकाबले 95.58 के सबसे निचले स्तर पर गिरा रुपया, बाजार में खलबली

भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए हफ्ते की शुरुआत किसी सदमे से कम नहीं रही। सोमवार को कारोबार खत्म होने से पहले भारतीय रुपये (Indian Rupee) ने गिरावट के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। पहली बार डॉलर के मुकाबले रुपया 95 के स्तर को पार कर 95.58 के सर्वकालिक निचले स्तर (Record Low) पर पहुंच गया है। सुबह की बढ़त के बाद शाम होते-होते रुपये में आई इस बड़ी गिरावट को भारतीय बाजार के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
दिन की शुरुआत काफी सकारात्मक हुई थी। सोमवार सुबह रुपया डॉलर के मुकाबले 1.28 रुपये मजबूत होकर 93.24 के स्तर पर पहुंचा था। इससे अर्थशास्त्रियों को उम्मीद जगी थी, लेकिन दोपहर बाद तस्वीर पूरी तरह बदल गई। दोपहर 3:20 बजे तक रुपया 0.41% गिरकर 95.15 पर आया और बाजार बंद होते-होते यह 95.58 के ऐतिहासिक निचले स्तर पर जा गिरा। विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले एक साल में रुपये की कीमत में करीब 12 रुपये की कमी आई है। पिछले शुक्रवार को यह 94.85 पर बंद हुआ था, जो अब और नीचे चला गया है।
रुपये की इस दुर्गति का मुख्य कारण मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें हैं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 115.5 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है। तेल आयात के लिए भारी मात्रा में डॉलर खर्च होने के कारण डॉलर की मांग बढ़ गई है, जिससे रुपये पर दबाव बढ़ता जा रहा है। इसका सीधा असर शेयर बाजार पर भी दिखा, जहां सेंसेक्स 1,733 अंक और निफ्टी 528 अंक लुढ़क गया। विशेषज्ञों का डर है कि यदि वैश्विक परिस्थितियां नहीं सुधरीं, तो आने वाले दिनों में आम आदमी के लिए महंगाई और भी बढ़ सकती है।