टॉलीवुड में मातम! राहुल की विदाई के बाद एक और एक्टर की मौत, आर्थिक तंगी बनी वजह?

बंगाली फिल्म इंडस्ट्री (टॉलीवुड) अभी राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत के सदमे से उभरी भी नहीं थी कि मंगलवार को एक और दुखद खबर सामने आ गई। अभिनेता प्रणब चटर्जी का निधन हो गया है। उनकी मौत की खबर अभिनेत्री अलकनंदा गुहा ने फेसबुक पर साझा की, जिससे पूरी इंडस्ट्री स्तब्ध है।

काम की कमी और सुसाइड का अंदेशा? अलकनंदा ने प्रणब के साथ अपनी आखिरी बातचीत का जिक्र करते हुए लिखा कि प्रणब काम न मिलने के कारण बेहद परेशान थे। उन्होंने अलकनंदा से कहा था, “बहन, इंडस्ट्री में काम नहीं मिल रहा है, अब और बर्दाश्त नहीं होता।” अलकनंदा ने दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने प्रणब को अपने प्रोजेक्ट्स में काम दिया था क्योंकि वे एक बेहतरीन अभिनेता थे, लेकिन उन्हें क्या पता था कि प्रणब इतनी जल्दी दुनिया छोड़ देंगे। उनके इस पोस्ट से संकेत मिल रहे हैं कि बेरोजगारी के तनाव ने अभिनेता को तोड़ दिया था।

राहुल की मौत पर गहराता सस्पेंस: इसी बीच, रविवार को तालसारी में डूबने वाले अभिनेता राहुल बनर्जी की प्रारंभिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने सबको चौंका दिया है। रिपोर्ट के अनुसार, राहुल के फेफड़ों, भोजन नली और पेट में भारी मात्रा में रेत और खारा पानी मिला है। डॉक्टरों का कहना है कि उनके फेफड़े फूलकर दोगुने हो गए थे, जो यह दर्शाता है कि वे कम से कम एक घंटे तक पानी के नीचे थे। यह खुलासा शूटिंग के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक की ओर इशारा कर रहा है।

प्रियंका सरकार की अपील: राहुल की पत्नी और अभिनेत्री प्रियंका सरकार ने मीडिया और प्रशंसकों से निजता का सम्मान करने की अपील की है। उन्होंने लिखा, “हम बहुत कठिन समय से गुजर रहे हैं। हमारे घर में बच्चा और बुजुर्ग माँ हैं, कृपया हमें थोड़ा निजी समय दें।” एक के बाद एक दो कलाकारों की मौत ने टॉलीवुड में सुरक्षा और कलाकारों के मानसिक स्वास्थ्य पर नई बहस छेड़ दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *