हवाई सफर हुआ महंगा! इंडिगो ने आज से बढ़ाया विमान किराया; ईंधन की कीमतों में १३०% का उछाल

अगर आप हवाई यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो अपनी जेब थोड़ी ज्यादा ढीली करने के लिए तैयार हो जाइए। देश की प्रमुख एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने २ अप्रैल से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों रूटों पर विमान किराए में बढ़ोतरी की घोषणा की है। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर ईंधन संकट गहरा गया है, जिससे विमान ईंधन (Jet Fuel) की कीमतों में करीब १३० प्रतिशत की भारी वृद्धि हुई है। इसी के चलते इंडिगो ने दूरी के हिसाब से नया ‘फ्यूल चार्ज’ लागू कर दिया है।
नए नियमों के अनुसार, घरेलू उड़ानों में ५०० किमी तक की दूरी के लिए २७५ रुपये और २००० किमी से अधिक की दूरी के लिए ९५० रुपये अतिरिक्त देने होंगे। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर इसका असर सबसे ज्यादा पड़ा है। ब्रिटेन और यूरोप जाने वाले यात्रियों को अब प्रति सेक्टर १०,००० रुपये अतिरिक्त चुकाने होंगे। वहीं, खाड़ी देशों और मध्य पूर्व के लिए ३,००० से ५,००० रुपये और दक्षिण-पूर्वी एशिया व चीन के लिए ३,५०० से ५,००० रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
इंडिगो का कहना है कि उनके कुल परिचालन खर्च का लगभग ४० प्रतिशत हिस्सा केवल ईंधन पर खर्च होता है। कीमतों में इस अप्रत्याशित उछाल के कारण किराया बढ़ाना उनकी मजबूरी बन गई है। हालांकि, एयरलाइन ने समय रहते हस्तक्षेप करने के लिए सरकार का आभार भी जताया है। विशेषज्ञों का मानना है कि ईंधन की कीमतों में आई इस सुनामी के कारण आने वाले दिनों में अन्य एयरलाइंस भी किराए में बढ़ोतरी कर सकती हैं।