“हमें उनके तेल की ज़रूरत नहीं!” ईरान युद्ध पर ट्रंप का बड़ा बयान, क्या बदलने वाली है मध्य पूर्व की रणनीति?

“हम अब मध्य पूर्व पर बिल्कुल भी निर्भर नहीं हैं… हमें उनके तेल की कोई आवश्यकता नहीं है। हम वहां केवल अपने मित्र देशों के साथ खड़े होने के लिए हैं।” अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ चल रहे सैन्य अभियान और अपनी विदेश नीति को इन्हीं कड़े शब्दों में परिभाषित किया है। देश के नाम एक हाई-वल्टेज प्राइम-टाइम संबोधन में ट्रंप ने यह स्पष्ट करने की कोशिश की कि यह युद्ध किसी संसाधन या तेल के लिए नहीं, बल्कि अपने सहयोगियों के प्रति अमेरिका की रणनीतिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है।

ईरान के साथ जारी संघर्ष पर ट्रंप ने दावा किया कि दुश्मन की सैन्य शक्ति को पूरी तरह कुचल दिया गया है। ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ (Operation Epic Fury) के अंतिम चरण का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिकी सेना को अपना काम पूरा करने में अब केवल “दो से तीन सप्ताह” का समय लगेगा। ट्रंप ने आत्मविश्वास के साथ कहा, “ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है और उनकी वायुसेना अब मलबे के ढेर में तब्दील हो गई है।” गौरतलब है कि अयातुल्ला अली खामेनेई की मृत्यु के बाद से यह संघर्ष और भी हिंसक हो गया था, जिसने पूरे पश्चिम एशिया के समीकरण को बदल कर रख दिया है।

हालांकि, राष्ट्रपति के इस भाषण के बाद कई सवाल भी उठ रहे हैं। यदि अमेरिका को तेल की जरूरत नहीं है, तो वह इस युद्ध में इतनी गहराई से क्यों शामिल है? ट्रंप का तर्क है कि वे इज़राइल और खाड़ी देशों की रक्षा कर रहे हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि इस अस्थिरता के कारण अमेरिका के भीतर ईंधन की कीमतें आसमान छू रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ट्रंप का यह बयान आगामी मिड-टर्म चुनावों को ध्यान में रखकर दिया गया है। हालिया सर्वेक्षणों में आर्थिक नीतियों पर ट्रंप की रेटिंग गिरकर मात्र 31 प्रतिशत रह गई है।

जानकारों के अनुसार, ट्रंप “काम खत्म करने” की बात तो कर रहे हैं, लेकिन वहां से बाहर निकलने की उनकी रणनीति (Exit Strategy) अभी भी धुंधली है। केवल सैन्य ठिकानों को नष्ट कर देने से रणनीतिक जीत हासिल नहीं होती। “हमें उनके तेल की जरूरत नहीं है”— ट्रंप का यह दावा आने वाले समय में जमीनी हकीकत की कसौटी पर कितना खरा उतरता है, यह देखना दिलचस्प होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *