“170 सीटों के साथ 5 मई को बनेगी बीजेपी सरकार”, भवानीपुर में अमित शाह का बड़ा दावा!

पश्चिम बंगाल की राजनीति में आज उस वक्त भूचाल आ गया जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के सबसे मजबूत किले, भवानीपुर में खड़े होकर उन्हें हराने का खुला ऐलान किया। गुरुवार को भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के दौरान शाह ने साफ कर दिया कि भाजपा का मुख्य लक्ष्य ममता बनर्जी को उनके अपने ही निर्वाचन क्षेत्र में पराजित करना है। शाह ने जोर देकर कहा कि बंगाल में असली बदलाव की शुरुआत भवानीपुर की जीत से ही होगी।

मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अमित शाह ने एक बड़ा खुलासा किया। उन्होंने कहा, “शुभेंदु केवल नंदीग्राम से लड़ना चाहते थे, लेकिन मैंने उनसे कहा कि ममता बनर्जी के घर में घुसकर उन्हें हराना होगा।” शाह का यह बयान दर्शाता है कि भाजपा ने इस बार ममता बनर्जी को उनके गृह क्षेत्र में घेरने के लिए विशेष रणनीति तैयार की है। उन्होंने याद दिलाया कि जिस तरह ममता नंदीग्राम में हारी थीं, उसी तरह इस बार भवानीपुर और पूरे बंगाल में उनकी हार निश्चित है।

भ्रष्टाचार और बेरोजगारी के मुद्दे पर ममता सरकार को घेरते हुए शाह ने तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा, “बंगाल के युवाओं के पास रोजगार नहीं है, जबकि ममता बनर्जी ने भ्रष्टाचार के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। बंगाल की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है।” शाह ने एक कदम आगे बढ़ते हुए तारीख का भी ऐलान कर दिया। उन्होंने दावा किया कि 5 मई को बंगाल में भाजपा की सरकार आएगी और पार्टी 170 से अधिक सीटें जीतने जा रही है।

अमित शाह ने भवानीपुर के मतदाताओं से अपील की कि वे बंगाल की ‘मुक्ति’ के लिए भाजपा को वोट दें। उन्होंने कहा, “अगर भवानीपुर की जनता इस एक सीट पर भाजपा को जिता देती है, तो पूरे बंगाल में सत्ता परिवर्तन अपने आप हो जाएगा।” इस मेगा रोड शो के दौरान शाह के साथ शुभेंदु अधिकारी, शमिक भट्टाचार्य और स्वप्न दासगुप्ता जैसे दिग्गज नेता भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के मोहल्ले से गुजरते हुए शाह की इस हुंकार ने चुनावी सरगर्मी को चरम पर पहुंचा दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *