मिडिल ईस्ट युद्ध का असर! कमर्शियल LPG सिलेंडर 195 रुपये महंगा, जानिए आपके शहर में क्या है नया रेट

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति बाधित होने का असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने लगा है। बुधवार को राजधानी दिल्ली में 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी (LPG) सिलेंडर की कीमत में 195.50 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई है। इस वृद्धि के बाद दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर का भाव 2,078.50 रुपये हो गया है। इससे पहले 1 मार्च को भी इसकी कीमतों में 114.50 रुपये का इजाफा किया गया था।

हालांकि, आम आदमी के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में यह अभी भी 913 रुपये पर स्थिर है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारत अपनी एलपीजी जरूरतों का 90% हिस्सा सऊदी अरब और कतर जैसे देशों से आयात करता है। वर्तमान में युद्ध के कारण ‘हॉर्मुज जलडमरूमध्य’ (Strait of Hormuz) में वैश्विक एलपीजी आपूर्ति का 20-30% हिस्सा फंसा हुआ है, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में दबाव बढ़ गया है।

प्रमुख शहरों में आज के दाम (कमर्शियल बनाम घरेलू):

शहर19 किलो कमर्शियल सिलेंडर14.2 किलो घरेलू सिलेंडर
कोलकाता2208 रुपये939 रुपये
दिल्ली2078.50 रुपये913 रुपये
मुंबई2031 रुपये912.50 रुपये
चेन्नई2246.50 रुपये928.50 रुपये
बेंगलुरु2161 रुपये915.50 रुपये

मंत्रालय के अनुसार, अप्रैल में कीमतों में इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण सऊदी कॉन्ट्रैक्ट प्राइस (CP) में हुई 44% की वृद्धि है। मार्च में जो कीमत 542 डॉलर प्रति टन थी, वह अप्रैल में बढ़कर 780 डॉलर प्रति टन हो गई है। इंडियन ऑयल (IOC), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) हर महीने की पहली तारीख को अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विनिमय दर के आधार पर कीमतों की समीक्षा करती हैं। सरकार ने आश्वासन दिया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति स्थिर बनी हुई है और वितरण केंद्रों पर फिलहाल कोई कमी नहीं है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *