क्या टेस्ट क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं रोहित-विराट? वायरल हो रहे BCCI के ‘बयान’ का पूरा सच!

भारतीय क्रिकेट के ‘सीनियर स्टेट्समैन’ विराट कोहली और रोहित शर्मा को लेकर इन दिनों सोशल मीडिया पर एक खबर आग की तरह फैल रही है। पिछले साल अचानक टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर फैंस को निराश करने वाली यह जोड़ी क्या एक बार फिर सफेद जर्सी में नजर आने वाली है? आईपीएल में इन दोनों के शानदार फॉर्म को देखकर यह चर्चा तेज हो गई है कि ‘रो-को’ की जोड़ी टेस्ट में वापसी कर सकती है।

कोहली ने जहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आरसीबी के लिए मैच जिताऊ अर्धशतक जड़ा, वहीं रोहित ने केकेआर के खिलाफ ७८ रनों की पारी खेलकर मुंबई इंडियंस को जीत दिलाई। उनके इस प्रदर्शन को देखकर कोई नहीं कह सकता कि वे लंबे समय से प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से दूर थे। इसी बीच इंटरनेट पर कुछ पोस्ट्स में दावा किया गया कि बीसीसीआई ने उनके कमबैक पर मुहर लगा दी है। हालांकि, पड़ताल करने पर पता चला कि यह खबरें पूरी तरह से फर्जी हैं। न तो बीसीसीआई और न ही खिलाड़ियों की ओर से ऐसी कोई आधिकारिक जानकारी साझा की गई है।

लेकिन इस बहस को तब और हवा मिली जब पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू ने एक बड़ा बयान दे डाला। रायडू का मानना है कि विराट कोहली को न केवल टेस्ट में वापसी करनी चाहिए, बल्कि उन्हें फिर से कप्तान बनाया जाना चाहिए। रायडू ने कहा, “विराट के पास अभी कम से कम ५-६ साल की क्रिकेट बची है। वह लाल गेंद के सर्वश्रेष्ठ कप्तान रहे हैं और उन्हें टेस्ट टीम में न होना भारतीय क्रिकेट का नुकसान है।” फिलहाल रायडू की यह सलाह चर्चा का विषय बनी हुई है, लेकिन हकीकत में रोहित और विराट की टेस्ट वापसी अभी सिर्फ एक अफवाह ही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *