प्रोफेसर के साथ ‘अफेयर’ की अफवाह से परेशान मेडिकल छात्रा ने दी जान, सुसाइड नोट में सहपाठियों के नाम उजागर

एक उभरती हुई डॉक्टर की जिंदगी सहपाठियों के तानों और चरित्र हनन की भेंट चढ़ गई। कर्नाटक के मल्लाडिहल्ली स्थित राघवेंद्र आयुर्वेदिक कॉलेज की अंतिम वर्ष की छात्रा निखिता एम.यू. (22) ने मानसिक प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या कर ली है। निखिता के पिता उमाशंकर जी.एन. ने पुलिस को बताया कि कॉलेज के एक प्रोफेसर के साथ निखिता के सामान्य संबंधों को उसके कुछ सहपाठियों ने ‘प्रेम प्रसंग’ का नाम देकर बदनाम करना शुरू कर दिया था।
चरित्र हनन और सुसाइड नोट: निखिता के पिता का आरोप है कि उनकी बेटी को कॉलेज में हर दिन अपमानित किया जाता था। उसे लगातार यह कहकर चिढ़ाया जाता था कि उसका प्रोफेसर के साथ चक्कर है। बुधवार को निखिता ने अपने घर में इस मानसिक पीड़ा का अंत कर लिया। पुलिस को मिले सुसाइड नोट में निखिता ने अपनी पीड़ा बयां की है और उन सहपाठियों के नाम लिखे हैं जो उसकी मौत के जिम्मेदार हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बेंगलुरु में एक और त्रासदी: वहीं, बेंगलुरु से एक और दिल दहला देने वाली खबर आई है। यहाँ एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर दंपत्ति की मौत हो गई। 32 वर्षीय भानू चंदर रेड्डी कुंटा ने अपने फ्लैट में फांसी लगा ली। जैसे ही उनकी पत्नी बीबी शाजिया सिराज (31) ने पति का शव फंदे से लटकता देखा, वह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाईं और बिल्डिंग की 17वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। पुलिस इन दोनों घटनाओं की गहराई से जांच कर रही है।