बहरामपुर में चुनाव प्रचार के दौरान भिड़े कांग्रेस-TMC कार्यकर्ता, अधीर रंजन ने खोया आपा!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ की तपिश के बीच शनिवार सुबह बहरामपुर का वार्ड नंबर १९ रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी के चुनावी प्रचार के दौरान कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। बात बहस से शुरू हुई और देखते ही देखते पत्थरबाजी और मारपीट तक पहुंच गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

कांग्रेस का आरोप है कि अधीर चौधरी के आने की खबर मिलते ही स्थानीय TMC पार्षद के नेतृत्व में भारी संख्या में युवक वहां जमा हो गए थे। जैसे ही अधीर चौधरी वहां पहुंचे, उन्हें ‘गो बैक’ के नारे लगाकर रोकने की कोशिश की गई। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी जवाबी नारेबाजी की, जिससे संघर्ष शुरू हो गया। स्थिति बेकाबू होते देख पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने कड़ी मशक्कत के बाद अधीर चौधरी को सुरक्षित वहां से निकाला।

इस घटना से आक्रोशित अधीर चौधरी ने TMC कार्यकर्ताओं को ‘कुत्ते का बच्चा’ कहकर संबोधित किया और कहा, “मैं जनता के बीच प्रचार करने आया हूं, लेकिन वे डरे हुए हैं और हमला कर रहे हैं।” दूसरी ओर, TMC पार्षद भीष्मदेव कर्मकार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि अधीर बाहरी लोगों को लाकर इलाके में आतंक फैला रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता ने खुद अधीर को खदेड़ा है और उन्हें उसी रास्ते वापस लौटना पड़ा जिससे वे आए थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *