ऐश्वर्या की कामयाबी से जलते हैं अभिषेक बच्चन? तलाक की खबरों के बीच जूनियर बच्चन का बड़ा बयान

अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन की शादीशुदा जिंदगी को लेकर सोशल मीडिया पर अक्सर तरह-तरह की बातें होती रहती हैं। कभी उनके अलगाव की खबरें आती हैं तो कभी परिवार के साथ अनबन की। लेकिन सबसे बड़ा सवाल जो अक्सर उठाया जाता है, वह यह है कि क्या ऐश्वर्या की ग्लोबल कामयाबी अभिषेक के मन में हीनभावना (Inferiority Complex) पैदा करती है? हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अभिषेक ने इन तमाम कयासों पर अपनी चुप्पी तोड़ी है।
अभिषेक ने बड़े ही शालीन अंदाज में कहा कि उनकी परवरिश और संस्कारों में दूसरों की सफलता का सम्मान करना सिखाया गया है। उन्होंने अपने माता-पिता का उदाहरण देते हुए कहा कि जब अमिताभ और जया बच्चन की शादी हुई थी, तब जया जी अपने पति से बहुत बड़ी स्टार थीं। अभिषेक ने बचपन से ही अपने घर में देखा है कि पत्नी की सफलता से पति को असुरक्षित महसूस करने की जरूरत नहीं है।
अभिषेक के अनुसार, “मै वह इंसान नहीं हूँ जो यह सोचे कि मुझे जीतने के लिए किसी और की दौड़ को रोकना होगा।” उन्होंने साफ किया कि किसी भी मर्द को अपनी मर्दानगी साबित करने के लिए अपनी पत्नी के सपनों की बलि देने की जरूरत नहीं है। अभिषेक ने यह भी स्वीकार किया कि उनके अंदर ‘अहंकार’ तो है, लेकिन वह अहंकार खुद की मेहनत और काबिलियत को लेकर है, न कि अपनी पत्नी को नीचा दिखाने के लिए। आराध्या के सामने भी वे यही उदाहरण पेश करते हैं कि घर और करियर में समानता ही असली ताकत है।