“सिलीगुड़ी जिताओ, शहर की कमान मैं खुद संभालूंगा!” उत्तर बंगाल में अभिषेक बनर्जी का बड़ा चुनावी दांव

सिलीगुड़ी में विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीत न मिल पाने का मलाल सोमवार को अभिषेक बनर्जी की बातों में साफ नजर आया। तराई तारापद आदर्श विद्यालय के मैदान में आयोजित एक चुनावी जनसभा में तृणमूल कांग्रेस के ‘सेकंड-इन-कमांड’ ने शहरवासियों का दिल जीतने के लिए एक मास्टरस्ट्रोक खेला। उन्होंने घोषणा की कि यदि जनता गौतम देब को विजयी बनाती है, तो वे व्यक्तिगत रूप से सिलीगुड़ी के विकास की निगरानी करेंगे और शहर की बागडोर अपने हाथों में रखेंगे।

शंकर घोष और ‘डबल इंजन’ पर हमला: अभिषेक बनर्जी ने निवर्तमान विधायक शंकर घोष और सांसद राजू बिस्ता पर तीखा प्रहार करते हुए कहा, “सिलीगुड़ी ने 2014, 2021 और 2024 में बीजेपी को जिताया, लेकिन मिला क्या? विधायक कोलकाता में रहते हैं और सांसद दिल्ली में।” उन्होंने 2025 की बाढ़ का जिक्र करते हुए शंकर घोष के घायल होने के दावे पर तंज कसा और कहा कि चोट बाएं हाथ में लगी थी और पट्टी दाएं हाथ में बंधी थी। अभिषेक ने उन्हें चुनौती देते हुए कहा, “समय और स्थान आप तय करें, मैं रिपोर्ट कार्ड के साथ बहस के लिए तैयार हूँ। अगर आपको 10-0 से मात न दी, तो मेरा नाम अभिषेक बनर्जी नहीं।”

ट्रैफिक और विकास का रोडमैप: शहर की समस्याओं पर बात करते हुए अभिषेक ने कहा कि वे जानते हैं कि सिलीगुड़ी की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम है। उन्होंने वादा किया कि टीएमसी की जीत के बाद नगर निगम को पूरी तरह से बदला जाएगा और ऐसी नागरिक सुविधाएँ दी जाएंगी कि अगले 20 साल तक जनता टीएमसी का साथ नहीं छोड़ेगी। उन्होंने कहा कि ममता सरकार ने सिलीगुड़ी की 65 हजार महिलाओं को लक्ष्मी भंडार का लाभ दिया, फिर भी यहां से टीएमसी को जीत नहीं मिली।

अशोक भट्टाचार्य और बीजेपी के पैसे: वामपंथी नेता अशोक भट्टाचार्य पर निशाना साधते हुए अभिषेक ने कहा कि जो बात टीएमसी 10 साल पहले कह रही थी, वह बात अब अशोक बाबू कह रहे हैं कि ‘वाम का वोट राम को न जाए’। सभा के अंत में उन्होंने जनता से कहा, “बीजेपी अगर पैसे दे तो ले लो, वह आपके हक का पैसा है, लेकिन वोट देते समय कमल से पैसे लेकर जोड़ाफूल को ही चुनना।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *