नोरा फतेही के गाने पर मचा बवाल! राष्ट्रीय महिला आयोग ने संजय दत्त और नोरा को थमाया समन

कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ ने रिलीज होते ही एक बड़ा कानूनी विवाद खड़ा कर दिया है। नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गए इस गाने में अश्लील बोल और आपत्तिजनक दृश्यों के कारण राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने सख्त रुख अख्तियार किया है। सोमवार को हुई एक महत्वपूर्ण सुनवाई में आयोग ने स्पष्ट किया कि ‘क्रिएटिविटी’ के नाम पर महिलाओं की गरिमा के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विवाद इतना बढ़ गया कि गाने के हिंदी वर्जन को यूट्यूब से हटाना पड़ा है। आयोग ने इस मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया था। सुनवाई के दौरान फिल्म के निर्देशक प्रेम और गीतकार रकीब आलम मौजूद थे, लेकिन नोरा फतेही नदारद रहीं। आयोग ने उनके वकील की दलीलों को खारिज करते हुए नोरा को 27 अप्रैल तक व्यक्तिगत रूप से पेश होने का अल्टीमेटम दिया है। वहीं, दिग्गज अभिनेता संजय दत्त को भी 8 अप्रैल को आयोग के सामने हाजिर होने का निर्देश दिया गया है।

सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष ने निर्माताओं के उस तर्क को सिरे से खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि वे गाने के बोल का गहरा अर्थ नहीं समझ पाए। अंततः, निर्माताओं ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए लिखित माफी मांगी है। उन्होंने स्वीकार किया कि यह गाना समाज पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहा है। सजा के तौर पर, फिल्म की टीम को अगले तीन महीनों तक महिला सशक्तिकरण के लिए काम करना होगा और उसकी प्रगति रिपोर्ट आयोग को सौंपनी होगी। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की सक्रियता के बाद अब इस गाने का भविष्य अधर में लटका हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *