न घर, न गाड़ी! ममता बनर्जी की संपत्ति में आई भारी गिरावट, हलफनामे में हुआ बड़ा खुलासा

पश्चिम बंगाल की राजनीति का केंद्र बिंदु ‘भवानीपुर’ एक बार फिर चर्चा में है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी (Mamata Banerjee) ने बुधवार को इस हाई-प्रोफाइल सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। लेकिन इस बार चर्चा उनकी जीत-हार से ज्यादा उनके चुनावी हलफनामे (Affidavit) की हो रही है। हलफनामे के आंकड़े बताते हैं कि राज्य की सबसे ताकतवर महिला की संपत्ति पिछले पांच वर्षों में बढ़ने के बजाय कम हो गई है।

दस्तावेजों के अनुसार, ममता बनर्जी के पास न तो अपना कोई घर है और न ही कोई गाड़ी। वे आज भी कालीघाट की अपनी पुश्तैनी झोपड़ीनुमा घर में रहती हैं। हलफनामे के मुताबिक, उनके पास कुल चल संपत्ति (Movable Assets) 15,37,509 रुपये है। 2021 के चुनाव के मुकाबले उनकी संपत्ति में 1,34,843 रुपये की कमी आई है। नामांकन के समय उनके पास नकद मात्र 75,700 रुपये थे और उनके दो बैंक खातों में कुल 12,76,209 रुपये जमा हैं।

खास बात यह है कि ममता बनर्जी पर कोई कर्ज नहीं है और न ही उनके नाम कोई जमीन है। उनके पास 9.750 ग्राम सोना है, जिसकी कीमत बाजार भाव बढ़ने के कारण अब 1.45 लाख रुपये हो गई है। उनकी कमाई का मुख्य जरिया किताबों की रॉयल्टी और बैंक से मिलने वाला ब्याज है। 2021 में उनके पास कुछ नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट (NSC) थे, जो अब नहीं हैं।

राजनीतिक शुचिता का दावा करते हुए हलफनामे में यह भी बताया गया है कि मुख्यमंत्री के खिलाफ किसी भी थाने में कोई आपराधिक मामला या FIR दर्ज नहीं है। भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के साथ होने वाले इस कड़े मुकाबले के बीच, ममता बनर्जी ने अपनी ‘सादगी’ और ‘साफ छवि’ को एक बार फिर जनता के सामने पेश किया है। अब देखना यह है कि संपत्ति घटने का यह आंकड़ा मतदाताओं के दिल पर क्या असर डालता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *