“कौन है राकेश सिंह? मैं नहीं जानता!” कोलकाता पोर्ट से बीजेपी उम्मीदवार पर फिरहाद हकीम का तीखा तंज

कोलकाता पोर्ट विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प होने वाला है। बुधवार को बीजेपी की छठी लिस्ट आते ही साफ हो गया कि टीएमसी के दिग्गज नेता फिरहाद हकीम के खिलाफ बीजेपी ने हाल ही में जेल से छूटे राकेश सिंह को मैदान में उतारा है। लेकिन इस घोषणा के बाद फिरहाद हकीम ने जिस अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी, उसने सियासी पारा चढ़ा दिया है।

गुरुवार को जब फिरहाद हकीम से राकेश सिंह के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने उपहास उड़ाते हुए कहा, “कौन राकेश सिंह? ये राकेश सिंह कौन है भाई? मैं पोर्ट के लोगों को जानता हूं, उम्मीदवारों को नहीं।” उन्होंने आगे कहा, “शायद किसी पिछले चुनाव में किसी और पार्टी से खड़े हुए थे और उनकी जमानत जब्त हो गई थी। मुझे नहीं पता कि ये वही राकेश सिंह हैं या कोई और। मेरा सीधा संबंध जनता से है, मैं उनकी सेवा करता रहूंगा।”

बता दें कि कांग्रेस दफ्तर में तोड़फोड़ और राहुल गांधी के पोस्टर पर कालिख पोतने के आरोप में राकेश सिंह के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज था। पिछले साल सितंबर में उन्हें गिरफ्तार किया गया था। कलकत्ता हाई कोर्ट के आदेश के बाद मंगलवार को ही वह जेल से रिहा हुए और अगले ही दिन बीजेपी ने उन्हें फिरहाद के खिलाफ टिकट थमा दिया। पिछली बार भी उनके लड़ने की चर्चा थी, लेकिन जेल में होने के कारण वह चूक गए थे। अब देखना यह है कि जेल से निकलकर क्या राकेश सिंह फिरहाद हकीम के किले में सेंध लगा पाते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *