ऋषड़ा में अंबेडकर मूर्ति पर जड़ा ताला! बीजेपी प्रत्याशी को माला पहनाने से रोका, बढ़ा तनाव

संविधान निर्माता डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती के अवसर पर पश्चिम बंगाल के ऋषड़ा में एक बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। श्रीरामपुर लोकसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार भास्कर भट्टाचार्य को अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने से कथित तौर पर रोक दिया गया। आरोप है कि जैसे ही बीजेपी उम्मीदवार मोड़पुकुर स्थित प्रतिमा के पास पहुंचे, वहां की देखरेख करने वाली कमेटी के सदस्यों ने मुख्य गेट पर ताला लगा दिया और चाबी लेकर मौके से फरार हो गए। काफी देर तक इंतजार करने और हाथ जोड़कर चाबी मांगने के बावजूद जब गेट नहीं खुला, तो बीजेपी उम्मीदवार ने गेट पर ही माला लटकाकर अपना विरोध दर्ज कराया।

बीजेपी प्रत्याशी भास्कर भट्टाचार्य ने अपना चुनाव प्रचार ऋषड़ा वास्तुहारा बाजार से शुरू किया था। जब वह ब्रह्मानंद मैदान के पास स्थित अंबेडकर प्रतिमा पर पहुंचे, तो वहां का माहौल तनावपूर्ण हो गया। यह प्रतिमा ‘पिछड़ा जाति कल्याण समिति’ के नियंत्रण में है। भास्कर भट्टाचार्य ने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के कारण उन्हें रोका गया। उन्होंने कहा, “मैं सिर्फ श्रद्धा सुमन अर्पित करने आया था, लेकिन कुछ लोगों ने जानबूझकर ताला लगा दिया। इस सरकार के शासन में महापुरुषों को भी नजरबंद रखा जा रहा है।”

दूसरी ओर, समिति के सदस्यों ने इन आरोपों पर अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वे इस स्थान को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने देना चाहते। समिति के एक सदस्य ने कहा, “पिछले तीन सालों से राजनीतिक लोग यहां आकर झंडे लगाते हैं और नारेबाजी करते हैं, जिससे पवित्रता भंग होती है। हमने उम्मीदवार से कहा था कि वह अकेले जा सकते हैं, लेकिन राजनीतिक जत्थे के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।” वहीं, तृणमूल कांग्रेस के नेता शुभजीत सरकार ने इसे बीजेपी की ‘सस्ती राजनीति’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह एक निजी कमेटी का मामला है और इसमें किसी भी राजनीतिक दल का दखल सही नहीं है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *