फ्रीज खरीदने के लिए 8000 का कूपन और महिलाओं को ₹2000! स्टालिन ने खोला वादों का पिटारा

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने अपना ‘ट्रम्प कार्ड’ खेल दिया है। रविवार को सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी किया, जिसमें लोकलुभावन वादों की झड़ी लगा दी गई है। स्टालिन ने न केवल नकद सहायता बल्कि घरेलू उपकरणों की खरीद के लिए भी सरकारी मदद का ऐलान किया है। घोषणापत्र की सबसे बड़ी हाईलाइट है—परिवारों को फ्रीज, वॉशिंग मशीन या माइक्रोवेव ओवन खरीदने के लिए ₹8000 का सरकारी कूपन देना।
महिला सशक्तिकरण के नाम पर डीएमके ने दांव खेलते हुए मासिक सहायता राशि को ₹1000 से बढ़ाकर ₹2000 करने का वादा किया है। इसके अलावा, बुजुर्गों के लिए पेंशन बढ़ाकर ₹2000 और दिव्यांगों के लिए ₹2500 करने का संकल्प लिया गया है। शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़े वादे किए गए हैं, जिसके तहत राज्य के लगभग 35 लाख छात्रों को मुफ्त लैपटॉप और प्रति छात्र ₹1500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। स्टालिन का यह दांव सीधे तौर पर मध्यम और निम्न वर्गीय परिवारों को साधने की कोशिश है।
किसानों और स्कूली बच्चों के लिए भी घोषणापत्र में खास जगह है। अब तक कक्षा 1 से 5 तक मिलने वाला मुफ्त नाश्ता अब कक्षा 8 तक के सभी छात्रों को मिलेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि को बढ़ावा देने के लिए मुफ्त पंपसेट देने का वादा भी किया गया है। चुनावी विशेषज्ञों का मानना है कि स्टालिन के इन ‘बंपर’ ऑफर्स ने विपक्ष की नींद उड़ा दी है। अब देखना यह है कि क्या ये वादे डीएमके को सत्ता की कुर्सी तक दोबारा पहुंचाने में कामयाब होते हैं या जनता कुछ और ही सोच रही है।