मरने से पहले पुलिस को दिए बयान ने खोला राज; आपसी रंजिश में परिचित ने रची खौफनाक साजिश

कोलकाता का प्रसिद्ध मैदान इलाका शुक्रवार को एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना का गवाह बना। ईडन गार्डन्स के ठीक सामने गंगासागर मेला मैदान में एक युवती को जिंदा जला देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने आपसी विवाद के बाद युवती के शरीर पर केरोसिन डालकर आग लगा दी। बुरी तरह झुलसी युवती ने शनिवार सुबह अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस के अनुसार, 3 अप्रैल की दोपहर स्थानीय लोगों ने एक युवती को आग की लपटों में घिरा हुआ देखा। उसे तुरंत एसएसकेएम (SSKM) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह 98 प्रतिशत तक जल चुकी है। अपनी अंतिम सांसें गिनते हुए युवती ने पुलिस और डॉक्टरों की मौजूदगी में बयान दिया कि उसके साथ काम करने वाले एक परिचित व्यक्ति ने मामूली बहस के बाद उस पर तेल छिड़ककर आग लगा दी। दोनों एक जूट बैग की दुकान से जुड़े हुए थे।

कोलकाता पुलिस के खुफिया प्रमुख रूपेश कुमार ने बताया, “महिला के मृत्यु पूर्व बयान (Dying Declaration) के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अगले ही दिन गिरफ्तार कर अलीपुर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।” युवती की मौत के बाद अब पुलिस ने मामले में हत्या की धाराएं जोड़ दी हैं।

जांचकर्ताओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती साक्ष्य जुटाना है, क्योंकि जिस स्थान पर यह वारदात हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। पुलिस अब आसपास की सड़कों के फुटेज खंगाल रही है ताकि घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ा जा सके। मृतका के परिवार ने मैदान थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी के पास भीड़भाड़ वाले इलाके में केरोसिन कहां से आया। इस जघन्य अपराध ने शहर की कानून व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *