ममता का बड़ा हमला: ‘BJP को खुश करने के लिए बंगाल को निशाना बना रहा चुनाव आयोग’, प्रवासी श्रमिकों पर छिड़ी जंग
महाराष्ट्र के पुणे में पुरुलिया के २४ वर्षीय प्रवासी मजदूर सुखेन महतो की संदिग्ध मौत को लेकर पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है। मंगलवार को नवान्न में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को जमकर आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी को राजनीतिक लाभ पहुँचाने के लिए बंगाल को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लगभग ३० लाख प्रवासी श्रमिक वापस लौट चुके हैं, लेकिन उन्हें वोटिंग अधिकार और सुरक्षा के मोर्चे पर प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि “सिर्फ इसलिए कि वे बंगाली बोलते हैं, उन्हें निशाना क्यों बनाया जा रहा है? बीजेपी को संतुष्ट करने के लिए बंगाल के साथ ऐसा व्यवहार कब तक चलेगा?” पुणे की घटना पर दुख जताते हुए उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ममता बनर्जी ने इस मामले में प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए मुख्य सचिव से शाम ५ बजे तक विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रवासी श्रमिकों के अधिकारों और सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस बयान के बाद बंगाल से लेकर महाराष्ट्र तक राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।