एक बिल्ली के चार कान! सोशल मीडिया पर छाई ‘डॉबी’, एडॉप्ट करने के लिए लोगों में मची होड़

कुदरत के करिश्मे अक्सर हमें हैरान कर देते हैं। हाल ही में सोशल मीडिया पर चार कानों वाली एक बिल्ली ‘डॉबी’ (Dobby) की तस्वीरें और वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। अमेरिका के अलबामा की रहने वाली स्टेफनी ब्राउन फिलहाल इसकी देखभाल कर रही हैं। डॉबी का जन्म एक दुर्लभ जेनेटिक बदलाव के कारण हुआ है, जिसकी वजह से उसके सिर पर दो के बजाय चार कान हैं। जानकारों की मानें तो ऐसी बिल्ली 10 लाख में से किसी एक मामले में ही देखने को मिलती है।

डॉबी दिखने में जितनी अनोखी है, उसका स्वभाव उतना ही मिलनसार है। हालांकि, उसके निचले जबड़े के दांत थोड़े बाहर निकले हुए हैं, जिसे ठीक करने के लिए जल्द ही एक सर्जरी की जाएगी। इस सर्जरी पर करीब 3000 डॉलर का खर्च आएगा, जिसके लिए स्टेफनी लोगों से मदद भी मांग रही हैं। सर्जरी के बाद डॉबी को किसी अच्छे परिवार को गोद (Adopt) दे दिया जाएगा।

स्टेफनी का कहना है कि डॉबी को बच्चों के साथ रहना बहुत पसंद है, इसलिए वह चाहती हैं कि इसे कोई ऐसा परिवार गोद ले जहां छोटे बच्चे हों। डॉबी की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसे अपना पालतू बनाने के लिए अब तक सैकड़ों लोग आवेदन कर चुके हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *