छात्रों के लिए बड़ी चेतावनी! देशभर में 32 ‘फर्जी’ यूनिवर्सिटी की सूची जारी, दिल्ली में सबसे ज्यादा
देश के उच्च शिक्षा क्षेत्र में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) ने 32 फर्जी विश्वविद्यालयों की सूची सार्वजनिक की है। यूजीसी के अनुसार, ये संस्थान खुद को ‘यूनिवर्सिटी’ बताते हैं और डिग्री बांट रहे हैं, लेकिन यूजीसी अधिनियम, 1956 के तहत इन्हें डिग्री देने का कोई कानूनी अधिकार नहीं है।
सूची के अनुसार, सबसे अधिक 12 फर्जी विश्वविद्यालय दिल्ली में संचालित हो रहे हैं। इसके बाद उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल का नंबर आता है। कोलकाता स्थित ‘इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन’ और ‘इंस्टीट्यूट ऑफ अल्टरनेटिव मेडिसिन एंड रिसर्च’ को भी इस लिस्ट में शामिल किया गया है। यूजीसी ने स्पष्ट किया है कि इन संस्थानों से प्राप्त डिग्री उच्च शिक्षा या सरकारी नौकरी के लिए मान्य नहीं होगी।
आयोग ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे भारी विज्ञापनों या कम समय में डिग्री के लालच में न आएं। किसी भी संस्थान में प्रवेश लेने से पहले यूजीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर उसकी मान्यता और ‘नैक’ (NAAC) ग्रेडिंग की जांच जरूर करें। फर्जी संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।