दिल्ली में लिव-इन पार्टनर की दरिंदगी! प्राइवेट पार्ट में सैनिटाइजर डालकर आग लगाने की कोशिश, सहम गया देश
देश की राजधानी दिल्ली से एक बार फिर लिव-इन रिलेशनशिप में रूह कंपा देने वाली हिंसा की खबर आई है। त्रिपुरा की रहने वाली एक 19 वर्षीय छात्रा ने अपने लिव-इन पार्टनर पर तीन दिनों तक बंधक बनाकर यौन शोषण और अमानवीय अत्याचार करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने न केवल उसे बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके निजी अंगों में सैनिटाइजर डालकर आग लगाने की भी कोशिश की।
डेटिंग ऐप से शुरू हुई थी कहानी: बायोटेक्नोलॉजी की पढ़ाई कर रही छात्रा की मुलाकात सितंबर 2025 में एक डेटिंग ऐप के जरिए दिल्ली के एक युवक से हुई थी। दोनों के बीच प्यार हुआ और वे साथ रहने लगे। परिजनों के बीच शादी की बात भी चल रही थी। लेकिन 19 फरवरी को जब शादी को लेकर विवाद हुआ, तो आरोपी का असली चेहरा सामने आ गया।
तीन दिन तक चला जुल्म का दौर: छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने उसे पीतल की बोतल से सिर पर मारा, फर्नीचर पर पटका और जबरन शारीरिक संबंध बनाए। दरिंदगी की हद पार करते हुए उसने छात्रा के निजी अंगों पर सैनिटाइजर डालकर जलाने का प्रयास किया और चाकू से हमला किया। किसी तरह छात्रा ने अपनी मां को फोन किया, जिसके बाद त्रिपुरा से पुलिस को सूचना दी गई।
आरोपी गिरफ्तार, छात्रा की हालत गंभीर: पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता फिलहाल दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, छात्रा के शरीर पर चोट के कई निशान हैं। आरोपी पर बंधक बनाने और जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।