चंपाई सोरेन के पोते की मनाली में संदिग्ध मौत! मुंह से निकल रहा था झाग, होम-स्टे में क्या हुआ था वीर के साथ?
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। हिमाचल प्रदेश के मनाली में उनके पोते वीर सोरेन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। चंपाई सोरेन ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर इस खबर की पुष्टि करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि वीर का अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण निधन हो गया है।
होम-स्टे में मौत का साया: रिपोर्ट्स के मुताबिक, वीर २२ फरवरी को अपने दो दोस्तों के साथ मनाली के सिमसा इलाके में एक होम-स्टे में रुके थे। २४ फरवरी को जब उनके दोस्त बाहर गए थे, वीर कमरे पर ही थे। दोपहर में जब दोस्त लौटे, तो वीर ने तेज सिर दर्द की शिकायत की। दवा लेने के बाद वह सो गए, लेकिन दोपहर २ बजे उनके कमरे से कराहने की आवाज आई। दोस्तों ने देखा कि वीर बेहोश थे और उनके मुंह से झाग निकल रहा था।
जांच में जुटी पुलिस: दोस्तों ने तुरंत उन्हें मनाली के सिविल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनाली पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। चंपाई सोरेन ने लिखा कि इस घटना से उनका परिवार पूरी तरह टूट गया है।