भूकंप से बीच सड़क पर आई गहरी दरार! कोलकाता के बेहाला में दिखा तबाही का मंजर, सहमे लोग
शुक्रवार दोपहर को आए 5.5 तीव्रता के भूकंप ने कोलकाता को हिलाकर रख दिया है। इस शक्तिशाली कंपन का सबसे डरावना असर दक्षिण कोलकाता के बेहाला इलाके में देखने को मिला, जहां एक नवनिर्मित सड़क ताश के पत्तों की तरह फट गई। बेहाला के पर्णश्री इलाके में सड़क के बीचों-बीच लंबी और गहरी दरारें आ गई हैं, जिससे इलाके में भारी दहशत का माहौल है।
बेहाला में मची अफरातफरी पर्णश्री के वार्ड नंबर 132 के अंतर्गत आने वाले सागर मन्ना रोड इलाके में यह घटना घटी। स्थानीय निवासियों के अनुसार, इस सड़क की पिचिंग का काम कल यानी गुरुवार को ही पूरा हुआ था। शुक्रवार दोपहर 1:22 बजे जैसे ही तेज झटके महसूस हुए, सड़क के बीच में दरारें पड़ने लगीं। सड़क के बगल में ही एक बड़ा तालाब है, जिसके कारण मिट्टी धंसने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय महिलाओं ने सबसे पहले इस दरार को देखा और शोर मचाया। नगर निगम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मरम्मत का काम शुरू कर दिया है।
भूकंप का केंद्र और तीव्रता विशेषज्ञों के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र पश्चिम बंगाल के टकी से 26 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में बांग्लादेश के खुलना के पास था। जमीन से मात्र 9.8 किलोमीटर नीचे हलचल होने के कारण कोलकाता और आसपास के जिलों में इसका जबरदस्त प्रभाव पड़ा। इसकी गहराई कम होने की वजह से ही सड़कों और इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबरें आ रही हैं।
उत्तर से दक्षिण तक दहशत गौरतलब है कि गुरुवार को ही उत्तर बंगाल के सिलीगुड़ी और दार्जिलिंग में 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र सिक्किम था। उसके ठीक एक दिन बाद दक्षिण बंगाल में आए इस 5.5 तीव्रता के भूकंप ने लोगों की नींद उड़ा दी है। बेहाला में सड़क का फटना इस बात का प्रमाण है कि कोलकाता की जमीन के नीचे की हलचल कितनी खतरनाक स्तर पर पहुंच गई है। प्रशासन ने लोगों को जर्जर इमारतों से दूर रहने की सलाह दी है।