नेहरू की विरासत को राहुल ही कर रहे हैं खत्म! कंगना रनौत ने राहुल गांधी को बताया ‘मानसिक असंतुलित’
न्यूज18 राइजिंग भारत समिट 2026 के मंच पर बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित इस शिखर सम्मेलन में कंगना ने राहुल गांधी की राजनीतिक समझ और उनके व्यवहार पर कड़े सवाल उठाए। उन्होंने राहुल गांधी को न केवल ‘मूर्ख’ कहा, बल्कि उनके संसदीय आचरण की तुलना ‘टपोरी’ से कर दी।
राहुल गांधी पर कंगना के कड़े शब्द कंगना ने समिट में कहा, “राहुल गांधी हमारे लिए एक मिसाल हैं कि हमें क्या नहीं करना चाहिए और कैसा नहीं होना चाहिए। मुझे लगता है कि वे अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं। संसद में उनका व्यवहार किसी भी तरह से स्वीकार्य नहीं है।” उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी का आचरण एक जिम्मेदार नेता जैसा नहीं, बल्कि सड़क छाप लड़कों जैसा है।
नेहरू-गांधी विरासत पर टिप्पणी कांग्रेस के भविष्य पर तंज कसते हुए कंगना ने कहा, “महात्मा गांधी चाहते थे कि आजादी के बाद कांग्रेस को खत्म कर दिया जाए, लेकिन नेहरू जी ने उनकी बात नहीं मानी। अब राहुल गांधी उस काम को पूरा कर रहे हैं—वे दिखा रहे हैं कि कैसे एक पूरी पार्टी को जड़ से मिटाया जाता है।” कंगना की इस टिप्पणी ने राजनीतिक गलियारों में एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।
करियर और राजनीति का मेल एक तरफ कंगना राजनीति में सक्रिय हैं, वहीं दूसरी तरफ उनके हॉलीवुड डेब्यू ‘Blessed Be the Evil’ को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। शूटिंग की कोई नई जानकारी न मिलने और कंगना की राजनीति में बढ़ती व्यस्तता से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि वे शायद इस प्रोजेक्ट से पीछे हट गई हैं। फिलहाल, वे ‘स्ट्रेंथ विदिन’ थीम वाले इस समिट में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा रही हैं, जहाँ पीएम मोदी, पीयूष गोयल और अश्विनी वैष्णव जैसे दिग्गज नेता भारत के विकास पर चर्चा कर रहे हैं।