फ्रिज का पानी पीना छोड़ देंगे! मिट्टी के फिल्टर का जादू, गर्मी में शरीर को मिलेगा कुदरती ठंडापन
जैसे-जैसे गर्मी का पारा चढ़ रहा है, लोग राहत पाने के लिए फ्रिज के ठंडे पानी की ओर भाग रहे हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि फ्रिज का अत्यधिक ठंडा पानी आपकी सेहत बिगाड़ सकता है? स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, गर्मी के मौसम में मिट्टी के फिल्टर (Clay Water Filter) का पानी सबसे बेहतरीन विकल्प है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर जिले के गनगरामपुर के कारीगरों द्वारा बनाए गए मिट्टी के फिल्टर आज न केवल बंगाल, बल्कि ओडिशा, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में भी बेहद लोकप्रिय हो रहे हैं। गनगरामपुर के काटीहाट इलाके में रहने वाले सैकड़ों कुम्हार अब आधुनिक और कलात्मक डिजाइन के ऐसे फिल्टर तैयार कर रहे हैं जो दिखने में सुंदर और सेहत के लिए वरदान हैं।
मिट्टी के फिल्टर का सबसे बड़ा फायदा इसका प्राकृतिक शुद्धिकरण है। यह बिना किसी केमिकल के पानी को साफ करता है। मिट्टी के छिद्रों से पानी के वाष्पीकरण की प्रक्रिया इसे प्राकृतिक रूप से ठंडा रखती है। वैज्ञानिक दृष्टिकोण से देखें तो मिट्टी की प्रकृति क्षारीय (Alkaline) होती है, जो पानी के एसिडिक स्तर को कम कर शरीर के pH बैलेंस को बनाए रखने में मदद करती है। फ्रिज का पानी पीने से अक्सर पाचन संबंधी समस्याएं होती हैं, लेकिन मिट्टी के फिल्टर का पानी मेटाबॉलिज्म को तेज करता है और पाचन शक्ति को दोगुना बढ़ा देता है। इसके अलावा, मिट्टी में मौजूद कैल्शियम, मैग्नीशियम और आयरन जैसे आवश्यक खनिज प्राकृतिक रूप से पानी में घुल जाते हैं, जिससे पानी की गुणवत्ता बढ़ जाती है। इस गर्मी में बिजली बचाने और सेहत बनाने के लिए गनगरामपुर का यह मिट्टी का फिल्टर एक क्रांतिकारी विकल्प साबित हो रहा है।