कोलकाता में तेज भूकंप: हवा में फंसे टीम इंडिया के सितारे, एयरपोर्ट का रनवे बंद होने से मचा हड़कंप!
कोलकाता और दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में शुक्रवार दोपहर १:५२ बजे आए शक्तिशाली भूकंप ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। रिक्टर स्केल पर ५.५ की तीव्रता वाले इस भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के खुलना (टाकी से २६ किमी दक्षिण-पूर्व) के पास जमीन के नीचे ९.८ किमी गहराई में था। लगभग ५२ सेकंड तक महसूस किए गए इन झटकों का असर भारतीय क्रिकेट टीम के सफर पर भी पड़ा। सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम को शुक्रवार को चेन्नई से कोलकाता पहुंचना था, लेकिन भूकंप के कारण कोलकाता एयरपोर्ट का रनवे सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया।
रनवे बंद होने की वजह से भारतीय टीम की फ्लाइट चेन्नई से एक घंटे की देरी से रवाना हुई। टीम इंडिया को शाम ४:२० बजे लैंड करना था, लेकिन एयरपोर्ट ऑथोरिटी की गहन जांच के बाद ही विमान को उतरने की अनुमति मिली। इस देरी की वजह से खिलाड़ियों को काफी समय तक चेन्नई एयरपोर्ट पर ही इंतजार करना पड़ा। बताया जा रहा है कि गुरुवार को उत्तर बंगाल में आए भूकंप के बाद शुक्रवार का यह झटका काफी तेज था, जिससे कोलकाता की ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग सड़कों पर उतर आए। हालांकि, राहत की बात यह है कि भारतीय टीम अब सुरक्षित रूप से कोलकाता पहुंच चुकी है और होटल के लिए रवाना हो गई है।