West Bengal Final Voter List: आज जारी होगी अंतिम मतदाता सूची, ‘डिलीटेड’ और ‘अदजुडिकेशन’ के बीच फंसी लाखों की साख!
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव २०२६ की बिसात बिछ चुकी है। महीनों से चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया के बाद आज, शनिवार को चुनाव आयोग फाइनल वोटर लिस्ट जारी करने जा रहा है। इस लिस्ट को लेकर न केवल राजनीतिक दलों में हलचल है, बल्कि राज्य प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
आंकड़ों का खेल: क्या बढ़ा और क्या घटा? SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले बंगाल में कुल ७ करोड़ ६६ लाख मतदाता थे। ड्राफ्ट लिस्ट में करीब ५८ लाख नाम कम होने के बाद यह आंकड़ा ७ करोड़ ८ लाख पर आ गया था। मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि आज जारी होने वाली सूची इसी ७ करोड़ ८ लाख के आंकड़े के इर्द-गिर्द रहेगी। इसमें फॉर्म ६ के जरिए नए नाम जोड़े गए हैं और फॉर्म ७ के जरिए कुछ विवादित नामों को हटाया गया है।
तीन श्रेणियों में बंटी लिस्ट: इस बार की मतदाता सूची में एक बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद लिस्ट को पारदर्शी बनाया गया है:
- जिनके नाम हटाए गए हैं, उनके आगे स्पष्ट रूप से ‘Deleted’ लिखा होगा।
- करीब ६० लाख ऐसे मतदाता हैं जिनके दस्तावेजों की जांच अभी पूरी नहीं हुई है। उनके नाम के आगे ‘Under Adjudication’ लिखा होगा।
- इन ६० लाख लोगों का भविष्य न्यायिक अधिकारियों के फैसले पर निर्भर करेगा। जैसे-जैसे जांच पूरी होगी, उनके नाम पूरक सूची (Supplementary List) के माध्यम से मुख्य सूची में जोड़ दिए जाएंगे।
डीजीपी का कड़ा रुख: वोटर लिस्ट को लेकर राज्य में किसी भी तरह की हिंसा या अफवाह को रोकने के लिए पुलिस मुस्तैद है। राज्य पुलिस के कार्यवाहक महानिदेशक (DG) पीयूष पांडे ने कहा, “हम पूरी तरह सतर्क हैं ताकि कोई गड़बड़ी न हो। हम हर गतिविधि पर नजर रख रहे हैं और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि आम जनता को कोई असुविधा न हो।” उन्होंने साफ किया कि नामांकन के आखिरी दिन तक मतदाता सूची अपडेट होती रहेगी, इसलिए किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।