WB Final Voter List: बंगाल में १.८२ करोड़ नए मतदाता, ६६ लाख नाम कटे; देखें चुनाव आयोग का पूरा डेटा!
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ से पहले स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की अंतिम रिपोर्ट शनिवार को जारी कर दी गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने आधिकारिक आंकड़े पेश करते हुए बताया कि अब बंगाल में कुल मतदाताओं की संख्या ७,०४,५९,२८४ हो गई है। सूची में भारी बदलाव के कारण राज्य की राजनीति में एक बार फिर सरगर्मी बढ़ गई है।
आंकड़ों का विश्लेषण: SIR प्रक्रिया शुरू होने से पहले राज्य में ७.६६ करोड़ से अधिक मतदाता थे। ड्राफ्ट लिस्ट में ५८ लाख नाम हटने के बाद यह संख्या ७.०৮ करोड़ के करीब थी। अंतिम सूची के अनुसार, सुधार प्रक्रिया के दौरान ५,४६,०५३ और नाम हटाए गए हैं। हालांकि, लोकतंत्र के इस उत्सव में नए मतदाताओं का उत्साह भी दिखा, जहाँ १.८२ करोड़ से अधिक नए नाम सूची में जोड़े गए। फॉर्म ६ और ६ए के माध्यम से इन नए मतदाताओं को मताधिकार मिला है।
अधर में ६० लाख वोट: इस सूची की सबसे बड़ी चुनौती ६०,०६,६७५ मतदाता हैं, जिनके नाम वर्तमान में ‘Under Adjudication’ (विचाराधीन) श्रेणी में रखे गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार, न्यायिक अधिकारी इनके दस्तावेजों की सघन जांच कर रहे हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिनका नाम सूची से कटा है, वे अगले १५ दिनों के भीतर फिर से फॉर्म-६ भरकर आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया नामांकन की अंतिम तिथि तक जारी रहेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम: वोटर लिस्ट को लेकर किसी भी प्रकार के राजनीतिक तनाव को रोकने के लिए बंगाल पुलिस मुस्तैद है। कार्यवाहक डीजीपी पीयूष पांडे ने कहा कि पुलिस सोशल मीडिया और जमीनी स्तर पर अफवाहों पर कड़ी नजर रख रही है। उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की और कहा कि सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है।