लंदन का टिकट 9 लाख रुपये! मिडिल ईस्ट संकट के बीच हवाई किराए में लगी आग, यात्री बेहाल
पश्चिम एशिया में ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का खामियाजा अब आम भारतीय हवाई यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। युद्ध के कारण एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) में आए बदलावों ने भारत से लंदन जाने वाली उड़ानों के किराए को आसमान पर पहुँचा दिया है। वर्तमान में दिल्ली से लंदन की एक नॉन-स्टॉप फ्लाइट का किराया 9.12 लाख रुपये तक पहुँच गया है, जो सामान्य से कई गुना ज्यादा है।
मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष की वजह से एयरलाइंस ने अपने रूट बदल दिए हैं। उड़ानों की संख्या सीमित होने के कारण मांग और आपूर्ति का संतुलन पूरी तरह बिगड़ चुका है।
यात्रियों के पास दो ही विकल्प: भारत से लंदन जाने वाले यात्रियों के सामने अब दो कठिन विकल्प हैं। या तो वे 9 लाख रुपये खर्च कर 10 घंटे की सीधी उड़ान लें, या फिर करीब 44,000 रुपये में 25 से 30 घंटे का लंबा ‘वन-स्टॉप’ सफर तय करें। मुंबई से भी सीधी उड़ानें उपलब्ध नहीं हैं। दुबई होकर जाने वाली उड़ानों में किराया तो कम है, लेकिन ले-ओवर और रूट बदलने के कारण सफर का समय 26 से 30 घंटे तक खिंच रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि ईरान संकट के कारण कई एयरवेज बंद कर दिए गए हैं, जिससे विमानों को लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ रहा है। इससे ईंधन की खपत बढ़ी है और टिकटों के दाम आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गए हैं।