मौत को छूकर लौटीं पीवी सिंधु! दुबई में धमाकों के बीच फंसी स्टार शटलर, स्विस ओपन पर भी संशय

भारतीय बैडमिंटन स्टार और दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु आखिरकार मध्य पूर्व के युद्धग्रस्त क्षेत्र से सुरक्षित स्वदेश लौट आई हैं। दुबई में बिताई गई डरावनी रातों और धमाकों की गूंज के बाद सिंधु ने मंगलवार को ‘स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया’ (SAI) द्वारा आयोजित एक वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में इटीवी भारत से खास बातचीत की। सिंधु ने स्पष्ट किया कि वर्तमान परिस्थितियों में उनके लिए किसी भी टूर्नामेंट से ज्यादा उनकी सुरक्षा और जीवन मायने रखता है।

ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच जारी तनाव के कारण दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानें रद्द होने से सिंधु को प्रतिष्ठित ऑल इंग्लैंड ओपन से अपना नाम वापस लेना पड़ा। इटीवी भारत के सवाल के जवाब में सिंधु ने कहा, “मैंने इस सुपर 1000 टूर्नामेंट के लिए कड़ी मेहनत की थी। अचानक नाम वापस लेना दुखद है, लेकिन सुरक्षित रहना ही मेरी पहली प्राथमिकता है। मुझे खुशी है कि मैं घर लौट आई हूं।”

दुबई के खौफनाक अनुभव को साझा करते हुए सिंधु ने बताया कि 28 फरवरी को दुबई में उतरने के ठीक 15 मिनट बाद ही एयरपोर्ट को बंद कर दिया गया। उनके कोच इरवानसिया आदि प्रतामा ने एयरपोर्ट के बाहर जोरदार धमाकों की आवाजें सुनी थीं। वह मिसाइल हमला था या ड्रोन, इसकी पुष्टि तो नहीं हुई, लेकिन वह पल बेहद चिंताजनक था।

अगले हफ्ते होने वाले स्विस ओपन को लेकर भी सिंधु काफी दुविधा में हैं। उन्होंने बताया, “स्विस ओपन में भागीदारी भी अनिश्चित है। वहां जाने के लिए भी दुबई से होकर गुजरना होगा, जो अभी बहुत जोखिम भरा है। अन्य उड़ानों में जगह नहीं है, इसलिए हम सिर्फ हालात सुधरने का इंतजार कर रहे हैं।” हालांकि, बीडब्ल्यूएफ (BWF) ने सिंधु की स्थिति को समझते हुए उन पर लगने वाला 5000 डॉलर का जुर्माना माफ कर दिया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *